न्यूज़ पढ़ें

on
30-12-17

न्याय के साथ विकास के कार्यक्रम अनवरत जारी रहेंगे


मुख्यमंत्री पटना, 30 दिसम्बर 2017:- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज विकास कार्यों की समीक्षा यात्रा के क्रम में नवादा जिले के सदर प्रखंड के पौरा पंचायत के मंगरू महादलित टोला का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान सात निश्चय योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को देखा। हर घर शौचालय, हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, हर घर बिजली कनेक्शन के बारे में लोगों से बातें की। जीविका के तहत मुर्गीपालन, बकरी पालन एवं किराना स्टोर के द्वारा अपनी आजीविका चलाने वाली दीदियों से बातें की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्वच्छ पेयजल आपूर्ति योजना के तहत जलमीनार का उद्घाटन किया, साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के नए भवन का उद्घाटन किया। मंगरू मुसहरी तालाब का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा जल संचयन का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने यहाँ पर वृक्षारोपण किया और टोले में बन रहे मवेशी शेड, मुर्गी शेड एवं जैविक खाद के बारे में भी जानकारी ली। टोला भ्रमण के पश्चात मंगरू कृषि फार्म मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 175 करोड़ रुपए की 199 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भीषण ठंड में भी इस कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में आप लोग उपस्थित हुए, मैं आप सब का अभिनंदन करता हूँ। आज विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में मुझे नवादा जिले के इस मंगरू गांव में आने का मौका मिला है। पूर्व से विकास कार्य चल रहे हैं, चाहे वह सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा या स्वास्थ्य हो। साथ ही कृषि क्षेत्र के लिए हाल ही में माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी के द्वारा तीसरे कृषि रोड मैप की शुरुआत की गई। हमलोग गांव को सड़क से जोड़ रहे हैं, कई बड़े गांव ऐसे होते हैंजिनके टोले होते हैं, उसमें ज्यादातर समाज के कमजोर वर्ग के लोग रहते हैं, उनको भी टोला निश्चय योजना के तहत पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा। गांव के अंदर की गलियों के पक्कीकरण के लिए सात निश्चय योजना के तहत पंचायत एवं वार्ड के द्वारा सुंदर ढंग से निर्माण होगा। हर घर में शौचालय एक राष्ट्रीय अभियान है, इसमें हम लोगों द्वारा चलाए जा रहे लोहिया स्वच्छ अभियान से और गति मिलेगी। गांव में हर लोगों की ये इच्छा होती है कि नल का जल पीने को मिले। हमलोगों ने हर गांव, हर कस्बा, हर घर तक नल का जल पहुंचाने के लिए निश्चय किया है। हमलोगों ने यह तय किया है जहां जल गुणवत्ता पूर्ण नहीं है, फ्लोराइड, आर्सेनिक एवं आयरनयुक्त पानी है, उसको पी0एच00डी0 के द्वारा शुद्ध करके लोगों को उपलब्ध कराएंगे और जहां ठीक है वहां पर जल हर वार्ड तक उपलब्ध कराएंगे, इसके लिए 5000 से 10000 लीटर तक का जलमीनार बनाया जा रहा है। इसमें शुद्ध और साफ पानी रहेगा, हमलोग विकास कार्यों को हर गांव तक विकेंद्रीकृत तरीके से पहुँचाना चाहते हैं। बीच में मुखिया जी लोग को भ्रमित किया गया था, अब वे सहमत हो रहे हैं। सोचिए मुखिया जी अगर हर घर में जल, शौचालय, बिजली, पक्की गली-नाली उपलब्ध हो जाय तो लोग आपको हमेशा याद रखेंगे। वार्ड सदस्य भी निर्वाचित हैं, वे मनोनीत नहीं हैं। वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से इन कामों को अंजाम दिया जा रहा है। वार्ड वाइज पैसे का आवंटन केंद्रीय वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग तो करता ही है, साथ ही राज्य सरकार अपने बजट से भी पैसा उपलब्ध कराती है। हमलोगों का लक्ष्य है कि 4 साल

में हर घर तक नल का जल, बिजली का कनेक्शन, शौचालय निर्माण, पक्की गली-नाली उपलब्ध हो जाये। हर गांव तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य पूरा हो गया है, अप्रैल 2018 तक हर टोला तक बिजली पहुंच जाएगा। दिसंबर 2018 तक हर इच्छुक व्यक्ति को जो बिजली का कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें बिजली उपलब्ध करा दी जायेगी। बिजली के क्षेत्र में कितना काम हुआ है, जब हमने सत्ता संभाली थी, उस समय 700 मेगावाट बिजली की खपत थी और आज 4500 मेगावाट की खपत हो रही है। हमलोग, लोगों को लगातार विद्युत आपूर्ति के लिए पावर जेनरेशन का प्रबंध कर रहे हैं। एन0टी0पी0सी0 से बिजली मिल रही है और निजी कंपनी से भी बिजली खरीदी जा रही है। ब्लॉक में पावर सब स्टेशन का निर्माण हो रहा है। ब्लॉक का साइज बड़ा छोटा होने के कारण जनसंख्या के अनुसार जरूरत पड़ी तो ब्लॉक में एक से ज्यादा पावर सब स्टेशन का भी निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार ने बहुत सारे काम किये हैं। 2006 में पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। प्राथमिक शिक्षकों के नियोजन में भी 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। पुलिस एवं अन्य सभी सरकारी सेवाओं में 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया। मध्य विद्यालय में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए पोशाक योजना लागू की गई, नौवीं क्लास में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए साइकिल योजना लागू की गई। जब यह योजना शुरू नहीं हुयी थी, तब एक लाख 70 हजार लड़कियां स्कूल जाती थीं। आज यह संख्या 9 लाख 94 हजार हो गयी है। महिलाओं के लिए चेतना विकास का काम किया गया है। जीविका का गठन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए चार लाख रूपये तक का स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता के तहत 2 साल तक प्रत्येक माह एक हजार रूपये दिये जा रहे हैं, कौशल विकास केंद्र के द्वारा कुशल युवा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें 240 घंटे के कोर्स के तहत युवाओं को कंप्यूटर पर काम करने, बोलने की शैली, अंग्रेजी भाषा एवं व्यवहार कौशल सिखाया जा रहा है। सभी विश्वविद्यालयों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जो युवा उद्यम करना चाहते हैं, उसके लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपए का वेंचर कैपिटल फंड का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चों को बाहर पढ़ने जाना न पड़े, इसके लिए प्रत्येक जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, जी0एन0एम0, महिला आई0टी0आई0 का निर्माण एवं प्रत्येक सब डिवीजन में आई0टी0आई0 एवं ए0एन0एम0 स्कूल का निर्माण किया जाएगा। 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिसमें नर्सिंग कॉलेज भी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय के साथ विकास का कार्यक्रम अनवरत जारी रहेगा। कोई कमी नहीं होगी लेकिन समाज सुधार जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप महिलाओं की मांग पर ही मैंने शराबबंदी लागू की। शराब पीने के चलते पहले गांव, कस्बे में कितना कोलाहल रहता था, आज शांति है। शराबबंदी के बाद आज उसी बचे पैसे का उपयोग परिवार के बेहतर भरण-पोषण, अच्छे भोजन, कपड़े एवं शिक्षा पर खर्च किया जा रहा है। पहले बारात में दरवाजा लगने में कितनी देर लगती थी। आज सब कुछ जल्दी हो जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी के बाद भी कुछ लोगों की सोच गड़बड़ है, जो दो नंबर का धंधा करते हैं, उनके खिलाफ हमलोग सख्ती बरत रहे हैं और आगे भी बरतेंगे। आप लोग लोगों को समझाइए कि हाल ही में जहरीली शराब पीने से वैशाली में 3 और रोहतास में 4 लोगों की मौत हो गई। दो नंबरी लोग शराब में जहर मिला देगा और उनकी मृत्यु हो जाएगी। यह भी ध्यान रखना है कि शराबबंदी के बाद लोग दूसरे मादक द्रव्यों का सेवन ना करने लगें। हमलोग नई व्यवस्था कर रहे हैं, बिजली के खंभे पर बोर्ड लगा रहेगा, जिस पर पुलिस का नंबर रहेगा। अपने यहां 6.50 करोड़ लोगों के पास मोबाइल फोन हैं। आपलोग उस नंबर पर सूचना दीजिए, आपका नाम उजागर नहीं होगा और नई तकनीक के इस्तेमाल से पता चल जाएगा कि क्या कार्रवाई हो रही है। सरकारी प्रयास तो हो ही रहा है, जनचेतना से इस काम को समय पर किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी जन चेतना के प्रकटीकरण के लिए 21 जनवरी 2017 को चार करोड़ लोगों ने मानव श्रृंखला बनायी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक संवाद कार्यक्रम में एक महिला ने कहा कि शराब बंद करके आपने तो बहुत अच्छा किया लेकिन दहेज प्रथा बुरी चीज है, इस पर भी प्रतिबंध लगाइए। हमलोगों ने इस पर निर्णय कर बापू के जन्म दिवस अक्टूबर से बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया। हालांकि पहले से बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ कानून बना हुआ है। गरीबी के कारण कम उम्र में लड़कियों की शादी कर दी जाती है। बाल विवाह एवं दहेज प्रथा एक दूसरे से जुड़ा हुआ है। बाल विवाह के कारण प्रसव के दौरान महिलाएं मृत्यु की शिकार होती हैं। दहेज के कारण उत्पीड़न एवं हत्या के मामले सामने आते हैं। इसे समाप्त करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। मैं आपसे अपील करता हूं कि 21 जनवरी 2018 को जो रविवार का दिन है, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ बनने वाली मानव श्रृंखला में आपलोग शामिल हों। आप अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करें, मैं आपसे एक बात और कहना चाहता हूं कि दहेज वाली शादी में शामिल मत होइए चाहे वह आपका कितना नजदीकी भी क्यों ना हो। अगर आप दहेज वाली शादी में शामिल नहीं होंगे तो वे लोग अलग-थलग पड़ जायेंगे। लोगों की जानकारी में भी ये बात आ जाएगी कि उसने दहेज लिया है। मैंने तो कह दिया है कि अगर आपके कार्ड पर लिखा हुआ है कि मैंने दहेज नहीं लिया है, तभी मैं उस शादी शामिल होने के बारे में सोच सकता हूँ। लोगों पर इसका सकारात्मक असर पड़ रहा है। कुछ लोगों ने लिए हुए दहेज को वापस लौटा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 175 करोड़ रुपए की 199 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ है, मैं जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग को इसके लिए बधाई देता हूँ। मेरा आह्वान है कि अपना विचार प्रकट करने के लिए संकल्प एवं एकजुटता का प्रदर्शन कर मानव श्रृंखला में जरूर शामिल हों। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्प-गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर किया गया। मुख्यमंत्री को ककोलत पर आधारित एक प्रतीक चिह्न भी जिलाधिकारी द्वारा भेंट किया गया। कला जत्था के कलाकारों ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के समर्थन में गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर केंद्रीय लघु उद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री गिरिराज सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, पूर्व विधायक श्री कौशल यादव, मुख्य सचिव श्री अंजनी कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री पी0केठाकुर ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर सत्ता पक्ष के सचेतक एवं विधायक श्री अनिल सिंह, विधायक श्रीमती पूर्णिमा यादव, विधायक श्रीमती अरुणा देवी, विधान पार्षद श्री सलमान रागीव, प्रधान सचिव ऊर्जा श्री प्रत्यय अमृत, सचिव ग्रामीण विकास श्री अरविन्द कुमार चैधरी, सचिव ग्रामीण कार्य श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अतीश चन्द्रा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मनीश कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, नवादा के जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, नवादा पुलिस अधीक्षक श्री विकास वर्मन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।