पटना, 18 जून 2026 : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज ए0एन0 कॉलेज परिसर में अनुग्रह जयंती-सह-स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अनुग्रह वाटिका में बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही अनुग्रह वाटिका में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर ए0एन0 कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अनुग्रह बाबू की 1वीं जयंती के अवसर पर तथा ए0एन0 कॉलेज के 70 वर्ष पूरे होने पर आयोजित अनुग्रह जयंती-सह-स्थापना दिवस समारोह में आने का अवसर मिला है। आज के इस अवसर पर महान विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह जी को नमन करता हूँ।
उन्होंने कहा कि ए0एन0 कॉलेज की पटना में अपनी अलग पहचान रही है। ए0एन0 कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज ही पटना में मगध विश्वविद्यालय के मजबूत स्तम्भ के रूप में कार्य कर रहा था। अब ए0एन0 कॉलेज पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अन्तर्गत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित किया। उस पुनर्स्थापना कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करने का निर्देश दिया था। इसके लिये हमलोग तेजी से काम कर रहे हैं। 15 दिनों में जमीन का अधिग्रहण हो जायेगा और अगले एक वर्ष में विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं है। हमारे बच्चे पूरे देश में अपना नाम रौशन कर रहे हैं। हमें ऐसी व्यवस्था बनानी है कि बिहार के बच्चे बिहार में ही पढ़ाई करें और उच्च शिक्षा ग्रहण करें। हमलोग सभी प्रखंडों में जुलाई माह से मॉडल स्कूल स्थापित करने जा रहे हैं, जहाँ बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करेंगे। 14 करोड़ बिहारियों के लिये सब कुछ करेंगे। विश्वविद्यालय खोलने के लिये जमीन की कोई कमी नहीं है।
विश्वविद्यालय खोलने से संबंधित जो भी फाइल जमीन को लेकर अटकी हुई थीं, उस पर हमने सहमति दे दी है। बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है। टॉप यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू कर यहाँ की यूनिवर्सिटी को और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। हमें यह सोचना है कि कैसे हमारे बच्चे आगे बढ़ें और अच्छे से पढ़ाई करें। अपनी भावी पीढ़ी का बेहतर भविष्य बनाना है। तकनीक की दुनिया है, उसका भी सदुपयोग करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है, लेकिन बिहार को और आगे बढ़ना है। इसके लिये सभी को कड़ी मेहनत करनी होगी। श्री नीतीश कुमार जी ने बिहार को बदला है। उन्होंने कई विश्वविद्यालय बनाये, मेडिकल कॉलेज खोले गये, बच्चे-बच्चियों को स्कूल तक पहुँचाया और उन्हें सारी सुविधाएँ उपलब्ध करायीं।
छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति उपलब्ध करायी जा रही है ताकि वे अच्छे से पढ़ सकें। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर करना है। जैसा कि मांग की गयी है, उसके अनुरूप ए0एन0 कॉलेज को डीम्ड/ओपन यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करना है।
ए0एन0 कॉलेज परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से थाना बनाया गया था। सभी की मांग के अनुरूप इस थाने को 10 दिनों के अंदर यहाँ से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जायेगा। एक और मांग थी कि इस परिसर में भवन निर्माण विभाग की जमीन है, जल्द ही वह जमीन ए0एन0 कॉलेज को सौंप दी जायेगी।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि ए0एन0 कॉलेज में खूब अच्छी पढ़ाई हो। मेरा सपना तब पूरा होगा, जब ए0एन0 कॉलेज पटना का बेस्ट कॉलेज बनेगा और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनायेगा। सरकार से इस कॉलेज को हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा।
कार्यक्रम को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन तथा ए0एन0 कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती रत्ना अमृत ने भी संबोधित किया।
ए0एन0 कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती रत्ना अमृत ने मुख्यमंत्री को पुष्प-गुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षाविद् एवं ए0एन0 कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।