पटना 26 अगस्त 2026 :- मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 'बिहार गति' के अन्तर्गत महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान राज्य में क्रियान्वित 100 करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं एवं केन्द्र प्रायोजित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी। 'बिहार गति' के अंतर्गत चिन्हित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में भवन निर्माण, ऊर्जा, खेल विभाग तथा जीविका से जुड़ी महत्त्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा प्रगति में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति को और बढ़ाना है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राज्य के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक जिला मुख्यालय में साइंस सिटी के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें। विज्ञान एवं तकनीक के प्रति विद्यार्थियों में रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें प्रयोगात्मक एवं आधुनिक ज्ञान से जोड़ें। राज्य खेल अकादमी एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर के बचे हुये निर्माण कार्य में तेजी लायें तथा निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया। लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनें और उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत संबंधी कार्यों की नियमित समीक्षा तथा क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पी०एम० सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्य पर तेजी से काम करें। जीविका दीदियों के माध्यम से 25 लाख सोलराइजेशन के लक्ष्य को पूर्ण करें। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में महिलाओं, विशेषकर जीविका दीदियों को जोड़ें। सोलर पंप सहित सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का लाभ किसानों एवं ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। जीविका से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के कार्य क्षेत्र के विस्तार को लेकर भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव श्री दीपक आनंद, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव सह जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हिमांशु शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।