पटना, 22 मार्च 2025: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस 2025 (22-24 मार्च) का दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह में अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग डॉ० एस० सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार के 113वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम 'उन्नत बिहार, विकसित बिहार' रखी गयी है।
मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह-2025 के उद्घाटन से पूर्व पटना के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ग्रामीण विकास विभाग (जीविका), कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, खेल विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित पुस्तिका 'डिजास्टर रिस्क रिडक्शन रोडमैप ऑफ बिहार तथा 'मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम' (कक्षा- 9-12) का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी के अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुये कहा कि बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी। हमने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाने का काम किया। हमने ही इसका नाम 'जीविका' दिया, जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केन्द्र सरकार ने इसका नाम 'आजीविका' किया। आप सभी अच्छा काम कर रही हैं। बुलंदी के साथ आप सभी जीविका दीदियां इसी प्रकार काम करते रहिये और आगे बढ़ते रहिये। आपकी जो भी जरूरतें होगी, उसे पूरा किया जायेगा। राज्य सरकार हरसंभव मदद करती रहेगी।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित पटना पुस्तक महोत्सव का फीता काटकर शुभारंभ किया। शुभारंभ के पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकाशनों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण भी किया। आयोजक मंडल ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, केन्द्रीय मंत्री पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष श्री नंदकिशोर यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार, सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री श्री महेश्वर हजारी, सहकारिता मंत्री डॉ० प्रेम कुमार, सांसद श्री संजय कुमार झा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री उदय
कांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, शिक्षा विभाग के सचिव श्री अजय यादव, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त श्री मयंक बरबड़े, जिलाधिकारी श्री चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अवकाश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।