पटना, 18 मार्च 2026 : मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में नवादा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार बुधौल स्थित नवनिर्मित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के परिसर पहुंचे। इस दौरान गृह रक्षा वाहिनी ने उन्हें सलामी दी। मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान वहां उपस्थित अधिकारियों से नवादा जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इस क्रम में नवादा जिले के बहुद्देश्यीय प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य, गोविंदपुर से दर्शन नाला (एस०एच०- 103) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत पाचू बिगहा एवं आदमपुर गांव के बीच तिलैया नदी पर निर्माण कार्य, रजौली प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रजौली पश्चिम में रजौली-शिवाला से रजौली-डीह को जोड़ने हेतु धनार्जय नदी पर निर्माण कार्य, नवादा शहर में सिटी सर्विलांस हेतु नियंत्रण कक्ष की स्थापना, नगर पंचायत रजौली में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण, नगर परिषद् के 44 वार्डों के आवासीत घरों के लिए जल आपूर्ति कार्य, पकरीबरावां अंचल के कचना मौजा में ग्रिड सब स्टेशन के निर्माण कार्य के संबंध में तथा एन0एच0-31 के 91 कि०मी० आदिलगंज एस०एच०-108 (सकरी नदी तक) बाईपास सह रेलवे क्रॉसिंग पर आर०ओ०बी० निर्माण कार्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात् बुधौल ग्राम स्थित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर नवादा जिले के लिए 55 करोड़ रुपये की लागत से 37 योजनाओं का उद्घाटन एवं 244 करोड़ रुपये की लागत से 21 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए।
मुख्यमंत्री ने 13,241 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 226 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों सहित अन्य योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया। सभी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, श्रम संसाधन विभाग और उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग अच्छे से काम करिए। बिहार को मिल-जुलकर आगे बढ़ाइए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त श्रीमती सफीना ए०एम०, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री क्षत्रनील सिंह, नवादा के जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश, नवादा के पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।