पटना, 23 मार्च 2026 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में अरवल जिला के ग्राम पंचायत अबगीला के ईटवां बाजार में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्य तथा सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत अबगीला पंचायत के ईटवां हाई स्कूल के पास सुधा होल डे मिल्क बूथ का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय ईटवां के प्रांगण में कराये गए उन्नयन कार्य का फीता काटकर उद्घाटन कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने खगोल विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट लर्निंग हब, आई०एस०एम० लैब का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग अंतर्गत 4 लाख 12 हजार 500 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुक को प्रदान किया। आत्मरक्षार्थ हेतु विद्यालय प्रांगण में कराटे की प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से मुख्यमंत्री ने बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया तथा उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर स्वागत गान एवं छठ अनुष्ठान के गीत पर नृत्य कर छात्राओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अरवल जिला अंतर्गत बेलखरा के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 153 करोड़ रुपये की लागत से 272 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 90 करोड़ रुपये की लागत से 250 योजनाओं का उद्घाटन तथा 63 करोड़ रुपये की लागत से 22 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में माली से एकरौंजा वाया तुर्क तेलपा पथ का निर्माण, कुर्था प्रखंड में विथरा वीयर (सिनाने वीयर) का जीर्णोद्धार कार्य, मुख्यमंत्री खेल विकास योजनान्तर्गत अरवल जिला में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, अरवल बस स्टैंड से जनकपुर घाम, एस०पी० आवास होते हुए बैदराबाद पथ एवं कुर्था प्रखंड अन्तर्गत मिर्जापुर से डकरा पथ का निर्माण, प्रखण्ड अरवल सदर, करपी एवं कुर्था में प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय का निर्माण कार्य, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, 620 क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके की और अधिक तरक्की होगी, इससे लोगों को काफी फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका संपोषित 5,446 स्वयं सहायता समूह को बैंक ऋण वितरण अंतर्गत 101 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत सामाजिक पुनर्वास कोष के तहत आर्थिक सहयोग का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना संबल के तहत बैटरी चालित ट्राई साइकिल की चाभी, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का सांकेतिक चेक आदि लाभुकों को प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बेलखरा में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के लिए चिन्हित की गई भूमि का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, पंचायती राज एवं अरवल जिला के प्रभारी मंत्री श्री दीपक प्रकाश, विधायक श्री मनोज कुमार, विधायक श्री पप्पू कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री छत्रनील सिंह, अरवल की जिलाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।