Read News

on
17-09-26

प्रधानमंत्री के 76 वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद का दीया जलाकर उनके स्वस्थ सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की


पटना, 17 सितम्बर 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का जे०पी० गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं पटना हवाई अड्डा में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों द्वारा गंगा आरती भी की गई। पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ० आर०एन० सिंह, पद्मश्री डॉ० शांति राय, पद्मश्री डॉ० विजय प्रकाश, पद्मश्री डॉ० जे०के० सिंह को अंगवस्त्र एवं हरित पौधा प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास में भी आशीर्वाद का दीया जलाया तथा प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण के संकल्प और जनसेवा की यह यात्रा हम सभी के लिये प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से पूर्व जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जे०पी० गंगा पथ (मरीन ड्राइव) स्थित बिंद टोली में बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए की जा रही भोजन व्यवस्था का जायजा लिया तथा भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित को डिग्निटी किट सौंपा तथा स्वास्थ्य जांच कार्ड का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान मृत व्यक्ति के आश्रित को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, सांसद श्री रविशंकर प्रसाद, विधायक श्री संजीव चौरसिया, विधायक श्री संजय गुप्ता, पूर्व राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद, जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, सिविल विमानन विभाग के सचिव श्री नीलेश रामचन्द्र देवरे, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।