Read News

on
22-11-26

दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने के लिए प्रधानमंत्री जी से करेंगे आग्रह - सम्राट


पटना, 22 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज दरभंगा जिले के नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 105 विकासात्मक परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 103 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 2 विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की महान पहचान हैं। उनकी प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी। दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण महाकवि विद्यापति के नाम पर करने के लिए प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी से आग्रह करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। इसका रन-वे 4 किलोमीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट के रन-वे से लगभग डेढ़ गुना होगा। यहां से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दरभंगा एयरपोर्ट का विस्तार गया जी और पटना एयरपोर्ट से भी बड़ा होगा। एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बिहार के विद्यालयों में कक्षा 1 से 6 तक मैथिली भाषा में पठन-पाठन की व्यवस्था की जाएगी। मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञान, साहित्य, कला एवं संस्कृति की इस पावन धरती मिथिला को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने कोसी-मेची लिंक परियोजना को जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उनके नेतृत्व में देश और बिहार में आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई एवं टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे मिथिला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मिथिला का इलाका मखाना एवं दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। मखाना आज केवल देश का ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया का सुपर फूड बन गया है। इससे किसानों को काफी लाभ मिल रहा है। देश में उत्पादित कुल मखाने का लगभग 80 प्रतिशत बिहार में होता है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन करना है। साथ ही, वर्ष 2030 तक एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि गया जी में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को धरातल पर उतारा गया है। इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। दरभंगा में विभिन्न औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा। उस समय तक बिहार को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इनमें कला एवं संस्कृति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, उद्योग विभाग, शिक्षा विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य विभागों के स्टॉल शामिल थे। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों के बीच सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सहित अन्य लाभों का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने विद्यापति सेवा संस्थान द्वारा प्रकाशित 'मिथिलाक गाम' पुस्तक खण्ड- 3 तथा 'अर्पण' स्मारिका का विमोचन किया। मिथिला सेवा संस्थान द्वारा मुख्यमंत्री को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का पाग, अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न, पुष्प गुच्छ एवं मखाना की माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज दरभंगा पहुंचकर सबसे पहले महाराजा कामेश्वर (दरभंगा महाराज) के किला परिसर स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा माई मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित पुनर्विकास एवं सौंदर्यकरण कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिये।

कार्यक्रम में पथ निर्माण एवं दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री संजय सरावगी, मद्य निषेध एवं उत्पाद मंत्री श्री मदन सहनी, सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर, सांसद श्रीमती धर्मशीला गुप्ता, सांसद श्री अशोक यादव, विधायक श्री अतिरेक कुमार, विधायक श्री ईश्वर मंडल, विधायक श्री सुजीत कुमार, विधायक श्री विनय कुमार चौधरी, विधायक श्री मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद श्री सुनील चौधरी, विधान पार्षद श्री हरि सहनी, विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ० बैद्यनाथ चौधरी बैजू, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सी०के० अनिल, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ जलारेड्डी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।