पटना, 05 जून 2026 : सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर गांधी मैदान के दक्षिण-पश्चिम छोर पर स्थापित महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं सम्पूर्ण क्रांति के महानायक लोकनायक स्व. जयप्रकाश नारायण जी की प्रतिमा स्थल पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने लोकनायक स्व. जयप्रकाश नारायण जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया तथा उनके बताए आदर्शों को याद किया।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी ने सम्पूर्ण क्रांति की लड़ाई को आगे बढ़ाया। सम्पूर्ण क्रांति के प्रणेता, भारत रत्न एवं प्रखर स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। लोकतांत्रिक चेतना, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण के जिन मूल्यों के लिए उन्होंने संघर्ष किया, वे आज भी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण क्रांति केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी की एक सशक्त विचारधारा है, जिसने देश की राजनीति और समाज को नई दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने अपने त्याग, संघर्ष, सत्यनिष्ठा और लोकतंत्र के प्रति अटूट समर्पण से करोड़ों देशवासियों को प्रेरित किया। उनका जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा जनसशक्तिकरण के लिए निरंतर संघर्ष करने का अद्वितीय उदाहरण है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, योजना एवं विकास मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री लखनेंद्र कुमार रौशन, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत, गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार, विधायक श्री अरुण मांझी, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा, जे.पी. सेनानीगण सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी लोकनायक स्व. जयप्रकाश नारायण जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान एवं बिहार गीत का गायन किया गया तथा सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन एवं आरती-पूजन का आयोजन किया गया।