Read News

on
25-04-26

मुख्यमंत्री ने पुनौराधाम में सीतामढ़ी महोत्सव-2026 का किया शुभारंभ


पटना, 25 अप्रैल 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने जानकी नवमी के अवसर पर सीतामढ़ी जिला स्थित पुनौराधाम में आज 'सीतामढ़ी महोत्सव-2026' का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी श्री ऋचि पांडेय ने प्रतीक चिन्ह एवं पौधा देकर अभिनंदन किया। 

सीतामढ़ी महोत्सव-2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मेरे लिए गौरव का पल है कि मां सीता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बनकर आज माता सीता की जनस्थली पुरौनाधाम आया हूं। जानकी नवमी के अवसर पर मां सीता की जन्मस्थली पर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। माता जानकी के जन्मस्थली पुनौराधाम को पूर्ण रुप से विकसित किया जा रहा है। पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार यहां भूमि पूजन करने आए थे, उससे पहले यहां सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई थी लेकिन भूमि पूजन के समय बारिश शुरु हुई और लगातार बारिश होती रही। आज से हजारों वर्ष पहले अकाल पड़ा था तब मां जानकी का यहां जन्म हुआ था। इस इलाके में अच्छी बारिश हुई और चारो ओर खुशहाली का माहौल हो गया था। मां सीता के जन्म स्थान को पूर्ण रुप से विकसित करने का कार्य किया जा रहा है, इसको लेकर अभी हमलोगों ने समीक्षा बैठक की है। पहले जून 2029 में इसे पूर्ण विकसित करने का लक्ष्य था लेकिन हमने इसे 31 दिसंबर 2028 तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल के रुप में इसे विकसित किया जायेगा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर स्थापित किया गया है। प्रधानमंत्री जी ने कॉरिडोर विकसित किया, जिसका लाभ श्रद्धालुओं को मिल रहा है। श्री नीतीश कुमार जी ने सीतामढ़ी में सीतापुरम टाउनशिप बनाने की घोषणा की थी। हमने अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में इसको स्वीकृति प्रदान कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां जानकी से जुड़े जितने स्थल हैं उन्हें पुनौराधाम से कनेक्ट किया जाएगा ताकि यहां आकर श्रद्धालु कुछ दिनों तक रहकर भ्रमण कर सकें। विशेषज्ञ लोग भी यहां आकर रिसर्च कर सकें। मां जानकी का जब जन्म हुआ तब इस इलाके में काफी बारिश हुई थी और जब भूमि पूजन हुआ तभी लगातार बारिश होती रही। श्री नीतीश कुमार जी ने यहां अत्याधुनिक अस्पताल बनाने का निर्णय लिया था और अस्पताल निर्माण का कार्य चल रहा है। इस अस्पताल का नामकरण मां सीता मेडिकल कॉलेज किया जाएगा।

सीतामढ़ी में सीतापुरम नाम से नया शहर बसाया जायेगा। हमने अपनी पहली कैबिनेट की बैठक में इसको लेकर मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनना चाहते हैं तथा श्री नीतीश कुमार जी बिहार को समृद्ध बनाना चाहते हैं इसको लेकर उन्होंने प्रगति यात्रा एवं समृद्धि यात्रा करके एक रुपरेखा तय की है। श्री नीतीश कुमार जी ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को आगे बढ़ाया है। इसी तरह हमलोग बिहार को विकसित और समृद्ध बनाएंगे। बड़ी संख्या में यहां उद्योग स्थापित किए जाएंगे। पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट, नवीनगर थर्मल पावर प्लांट आदि में 1 लाख 36 हजार करोड़ का निवेश शुरु किया गया है। मां जानकी के आशीर्वाद से बिहार समृद्धि की ओर अग्रसर है। अगले एक वर्ष में 5 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट बिहार में होगा। हमलोगों की सरकार बिहार में ही लोगों को रोजगार उपलब्ध करायेगी जिससे लोगों को मजबूरी में रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़ेगा। जानकी नवमी के इस अवसर पर आप सभी को बधाई एवं शुभकामनायें देता हूं। भारत विकसित और बिहार समृद्ध बने।

सीतामढ़ी महोत्सव को सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी ने भी संबोधित किया। जिलाधिकारी ने स्वागत संबोधन किया तथा विधायक श्री सुनील कुमार पिंटू ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एस०पी० सिंह बघेल, सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री सुनील कुमार पिंटू, विधायक श्रीमती गायत्री देवी, विधायक श्री पंकज कुमार मिश्रा, विधायक श्री रामेश्वर महतो, विधायक श्री नागेंद्र राउत, विधायक डॉ० श्वेता गुप्ता, विधायक श्री अमित कुमार, विधायक श्री अनिल कुमार, विधायक श्री वैद्यनाथ प्रसाद, विधान पार्षद श्रीमती रेखा कुमारी, विधान पार्षद श्री वंशीधर ब्रजवासी, पुनौराधाम मंदिर के महंथ श्री कौशल किशोर दास महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मनीष कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह कुशवाहा, सीतामढ़ी जिला परिषद की अध्यक्ष श्रीमती अदिति कुमारी, पूर्व सांसद श्रीमती रमा देवी, पूर्व विधायक श्री रामनरेश यादव, पूर्व विधायक श्रीमती गुड्डी देवी, पूर्व विधायक श्री मोती लाल प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक ऑपरेशन, श्री कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।