Read News

on
25-04-26

सीतामढ़ी के राघोपुर बखरी स्थित प्राचीन श्रीराम जानकी मठ के जीर्णोद्धार हेतु आयोजित शिला पूजन समारोह में शामिल हुये मुख्यमंत्री


पटना, 25 अप्रैल 2026 : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज सीतामढ़ी जिलान्तर्गत डुमरा प्रखंड के राघोपुर बखरी स्थित प्राचीन श्रीराम जानकी मठ के जीर्णोद्धार हेतु आयोजित शिला पूजन समारोह में शामिल हुए। रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा आयोजित शिला पूजन समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुये तथा श्री राम जानकी मठ के गर्भ गृह में पूजा-अर्चना कर बिहार की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिला पूजन भी किया।

श्रीराम जानकी मठ परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामायण रिसर्च काउंसिल से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जानकी नवमी के अवसर पर रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा यहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मैं यहां उपस्थित सभी गुरुजनों को सादर प्रणाम करता हूं। इस कार्यक्रम में उपस्थित आप सभी लोगों को जानकी नवमी की हार्दिक शुभकामाएं एवं बधाई देता हूं। आप सभी को मां सीता का आशीर्वाद प्राप्त हो, यही मेरी कामना है। आज मुझे श्रीराम जानकी मठ के गर्भ गृह दर्शन एवं शिला पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं आप सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। श्रीराम जानकी मठ 800 वर्ष पुराना है। रामायण रिसर्च काउंसिल का श्रीराम मंदिर के निर्माण में भी काफी सहयोग रहा है। यहां मां जानकी की जन्मस्थली पर भव्य मां सीता का मंदिर बन रहा है। आप भी इसमें सहभागी हैं। श्री राम जानकी मठ के 12 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य करने की अनुमति दी गई है और आज मुझे शिला पूजन समारोह में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों वर्ष पहले जब इस इलाके में अकाल पड़ा था उस समय मां जानकी का जन्म हुआ था। उस समय काफी बारिश हुई और इस इलाके को अकाल से मुक्ति मिली और लोग समृद्ध एवं खुशहाल हुए। मां जानकी ने इसी धरती से निकलकर दुनिया में समृद्धि का संदेश दिया। यहां 10 हजार एकड़ में भव्य सीतापुरम टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया गया है, जिसकी कैबिनेट से स्वीकृति भी दे दी गई है। साधु संतों का हम सबों को आशीर्वाद मिलता रहे। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि मां सीता से जुड़े स्थलों को पुनर्जीवित करना सुनिश्चित करें। आज इस कार्यक्रम में रामायण रिसर्च काउंसिल ने मुझे शामिल होने का अवसर दिया, मैं इसके लिए धन्यवाद देता हूं। मां सीता का आशीर्वाद बिहार पर सदैव बना रहे, देश विकसित और बिहार समृद्ध हो, यही मेरी कामना है।

मुख्यमंत्री ने शिला पूजन समारोह में शामिल होने से पूर्व महान संत श्री राम भद्राचार्य जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एस०पी० सिंह बघेल, सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री सुनील कुमार पिंटू, विधायक श्रीमती गायत्री देवी, विधायक श्री पंकज कुमार मिश्रा, विधायक श्री रामेश्वर महतो, विधायक श्री नागेंद्र राउत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, ऑपरेशन श्री कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी, रामायण रिसर्च काउंसिल से जुड़े लोग उपस्थित थे।