पटना 23 जून 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर पर अटल सभागार, भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए तथा उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत् शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रहित, अखंड भारत और सांस्कृतिक स्वाभिमान के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी राष्ट्रसेवा और बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि पंडित चाणक्य के बाद यदि देश को एक करने वाले कोई नेता थे तो वे डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे, जिन्होंने अखंड भारत के सपने को साकार किया। भारतीय जनता पार्टी की कई पीढ़ियों से यह नारा चला आ रहा था कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे, यह नारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया था। उन्होंने कहा कि जब इस देश में लोकतंत्र खतरे में था तो जनसंघ के लोगों ने देश को बचाने के लिए पार्टी को विलीन कर दिया। इसके बाद 1980 में भाजपा का उदय हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने लोकतंत्र को व्यवस्थित किया। वर्ष 2019 में भारत की जनता ने श्री नरेन्द्र मोदी जी को इतनी ताकत दी कि उन्होंने कश्मीर से धारा 370 को उखाड़ फेंका। उन्होंने कहा कि हमलोगों के लिए देश पहले है फिर व्यक्ति और उसके बाद पार्टी। उन्होंने कहा कि पहले 1984 में जहां भाजपा के केवल 2 सांसद थे वहीं वर्ष 2014 में 282 सांसद निर्वाचित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल इसी दिन हमलोग डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर एक भव्य नया पार्क लोगों को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में लगभग 27-28 पार्टियों का गठबंधन बना था और आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भी लगभग 27-28 पार्टियों के गठबंधन की सरकार है। श्री नरेंद्र मोदी जी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनको नमन करता हूं। आज पूरा भारत उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद श्री राधा मोहन सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक श्री हरिभूषण ठाकुर बचौल, पूर्व विधायक श्री पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।